
गणेशोत्सव पर्व को लेकर पुलिस ने की कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की समीक्षा
खण्डवा। आगामी गणेशोत्सव पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेन्द्र तारणेकर के निर्देशन में थाना पदमनगर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रक्षित निरीक्षक श्री शिवमंगल सिंह, शहर खण्डवा के तीनों थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं जिला विशेष शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आगामी गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक पुलिस प्रबंधों की समीक्षा की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।











