
मोहन बड़ोदिया / सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को विधायक अरुण भीमावद की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी निर्णय लिए गए।
बैठक का सबसे प्रमुख निर्णय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन कराने का रहा। समिति के सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित करते हुए इसे शासन के समक्ष भेजने का निर्णय लिया। विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और मरीजों की आवश्यकताओं को देखते हुए अस्पताल का उन्नयन अत्यंत आवश्यक है तथा इसके लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में नए बस स्टैंड परिसर में बसों के संचालन में आ रही बाधा को दूर करने के लिए गेट के ऊपर बनी छत को हटाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे बसों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सके।
इसके अलावा अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने का निर्णय लिया गया। कुछ कार्यों का खर्च रोगी कल्याण समिति स्वयं वहन करेगी। समिति ने बस स्टैंड स्थित रोगी कल्याण समिति की दुकानों का किराया बढ़ाने का भी निर्णय लिया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शासन द्वारा अस्पताल की मरम्मत एवं उन्नयन कार्यों के लिए 3 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से भवन की मरम्मत, आवश्यक विकास कार्य तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल के लिए आवश्यक छोटे-बड़े चिकित्सा उपकरण खरीदने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में तेजसिंह राजपूत, अनिता हेमराज पाटीदार, रायसिंह मालवीय, जगदीश पाल, रामेश्वर पाटीदार, महेश भारती, गिरिराज सोनी, संदीप पाटीदार एवं मनीष प्रजापति सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि रोगी कल्याण समिति द्वारा लिए गए सभी महत्वपूर्ण निर्णयों को प्राथमिकता के साथ अमल में लाया जाएगा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन कराने के लिए शासन स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।











