
अधिवक्ताओं और पैरालीगल वॉलिंटियर्स की एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
—
खण्डवा//प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता जैन के निर्देशन में जिला न्यायालय परिसर खंडवा में मीडिएटर अधिवक्ताओं एवं पैरालीगल वॉलिंटियर्स के लिए “मीडिएशन के बुनियादी सिद्धांत एवं पैरालीगल वॉलिंटियर्स के कर्तव्य” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुनील कुमार जैन ने रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को मीडिएशन के सिद्धांत, उसकी प्रक्रिया, निष्पक्षता, गोपनीयता एवं संवाद कौशल आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के मीडिएटर अधिवक्ता एवं पैरालीगल वॉलिंटियर्स ने सहभागिता की। ऑनलाइन माध्यम से रतलाम, उज्जैन, बुरहानपुर, भिंड, कटनी सहित विभिन्न जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं तहसील विधिक सेवा समितियों से लगभग 300 प्रतिभागी इस प्रशिक्षण में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पीयूष भावे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।






