
ग्रामीणों ने श्रमदान कर जलवा बुजुर्ग और अंजनिया खुर्द में ”बोरी बंधान” बनाया
—
खण्डवा//खण्डवा जिले में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में ‘‘मिशन अमृत संचय‘‘ अभियान के तहत जल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत नदी नालों में बहते पानी को रोककर आसपास के क्षेत्र का जलस्तर बढ़ाने के उद्देश्य से गांव-गांव में बोरीबंधान संरचनाएं बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को पुनासा विकासखंड के ग्राम अंजनिया खुर्द और जलवा बुजुर्ग में ग्रामीणों ने श्रमदान कर बोरी बंधान का निर्माण किया। ग्राम अंजनिया खुर्द के कार्यक्रम में नवांकुर संस्था, ग्राम विकास सेवा समिति चिकटीखाल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अंजनिया खुर्द एवम किसानों के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसके अलावा ग्राम जलवा बुजुर्ग में भी नाले पर श्रमदान कर बोरी बंधान बनाया गया। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जगदीश पटेल ने बताया कि ग्राम जलवा बुजुर्ग में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में नवांकुर संस्था श्री संत सिंगाजी ग्राम उत्थान सेवा समिति जलवा बुजुर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









