
*नोडल अधिकारी पर अभद्रता का आरोप*
*आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ ने SDM को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की माँग तेज*
खंडवा। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकर्ता–सहायिका संघ की मातृशक्ति ने नोडल अधिकारी अंकित पंवार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एसडीएम बजरंग बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने पहुँचे दल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शीला फूलमाली ने किया।
संघ ने बताया कि केंद्र क्रमांक 28, चीरा खदान सेक्टर, अंबेडकर नगर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनंदा पटेल SIR और BLO के कार्य में जुटी थीं, तभी नोडल अधिकारी द्वारा उनके साथ अपमानजनक और असम्मानजनक व्यवहार किया गया। इससे कार्यकर्ता की गरिमा को ठेस पहुँची और क्षेत्र की आंगनवाड़ी मातृशक्ति में रोष व्याप्त है।
“मातृशक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं” — भारतीय मजदूर संघ
भारतीय मजदूर संघ, जिला इकाई खंडवा के जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा—
“कार्यस्थल पर हमारी मातृशक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। यह महिला सुरक्षा नियमों और विभागीय आचार संहिता का साफ उल्लंघन है। प्रशासन को दोषी पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।”
प्रमुख माँगें
प्रकरण की उच्च स्तरीय जाँच
दोषी नोडल अधिकारी पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई
महिला कर्मचारियों एवं मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी हों
संघ ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।










