ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

जिला कलेक्टर नेहा मीना को सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर लगाया गया ध्वज

 

रिपोर्टर= भव्य जैन

झाबुआ, 08 दिसम्बर 2025।देश की रक्षा, आंतरिक सुरक्षा एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। यह दिन शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, सेवारत सैनिकों के सम्मान को अभिव्यक्त करने तथा नागरिकों में कृतज्ञता की भावना जागृत करने का प्रतीक है।

 

सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए राज्य स्तर पर सशस्त्र सेना झंडा निधि का गठन किया गया है। इस निधि में सहयोग जुटाने के लिए झंडा दिवस पर नागरिकों को ध्वज एवं बैज वितरित किए जाते हैं, जिनसे प्राप्त राशि कल्याणकारी कार्यों में व्यय की जाती है।

 

झाबुआ में आयोजित कार्यक्रम के तहत कलेक्टर सुश्री नेहा मीना को सशस्त्र सेना झंडा दिवस बैज डिप्टी कलेक्टर सुश्री अवनधती प्रधान द्वारा प्रतीक स्वरूप लगाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और नागरिकों से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक योगदान करने की अपील की।

 

जिले में वर्ष 2024-25 के लिए निधि संग्रहण का लक्ष्य ₹4,96,100 निर्धारित था, जिसके विरुद्ध ₹5,49,582 की राशि एकत्रित की गई। यह उपलब्धि जनसहभागिता एवं सैनिकों के प्रति नागरिकों की सम्मानपूर्ण भावना को दर्शाती है।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक श्री पूनमचंद्र सोलंकी भी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!