ताज़ा ख़बरें

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश ,सभी एस.डी.एम.और तहसीलदार उर्वरक वितरण व्यवस्था पर नजर रखें

खास खबर

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश ,सभी एस.डी.एम.और तहसीलदार उर्वरक वितरण व्यवस्था पर नजर रखें

खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नरवाई जलाने की घटनाओं पर नजर रखें, तथा इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण केन्द्रों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें तथा सुनिश्चित करें कि उर्वरक की कालाबाजारी ना हो और किसानों को उर्वरक वितरण व्यवस्थित तरीके से हो। कलेक्टर श्री गुप्ता सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के. आर. बडोले, एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा तथा सहायक कलेक्टर डॉक्टर श्री कृष्णा सुशिर सहित अन्य विभागों के अधिकारी, सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।

पूर्ण नल जल योजनाओं को पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं को पंचायतों को हैंड-ओवर किया जाए। बैठक में बताया गया कि 502 नल जल योजनाओं में से 443 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष 59 प्रगतिरत हैं। उन्होंने ग्रामीण आजीविका मिशन और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से “कस्टम हायरिंग सेंटर” शुरू किए जाएं, जिससे कि किसानों को रियायती दर पर हैप्पी सीडर, सुपर सीडर व रोटावेटर जैसे उन्नत कृषि यंत्र उपलब्ध हो सकेंगे और महिला समूहों की आय बढ़ेगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक से बिना अनुमति के अनुपस्थित पाए जाने पर नायब तहसीलदार मूंदी का वेतन काटने के निर्देश दिए ।

ओंकारेश्वर के घाटों पर श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलिंग और जाली लगवाएं

कलेक्टर श्री गुप्ता ने ओंकारेश्वर में सभी सेल्फी प्वाइंट एवं घाटों पर रेलिंग और जालियां लगाने तथा घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देश दिए कि ममलेश्वर मंदिर की दान पेटी प्रत्येक 15 दिन में खोलकर व्यवस्थित तरीके से दान राशि की गणना करने की कार्यवाही नियमित रूप से की जाए। उन्होंने ओंकारेश्वर के घाटों पर पब्लिक अनाउंसिंग सिस्टम लगवाने के लिए भी कहा, ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान आसान हो। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग परिसर में फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी एसडीएम पुनासा को दिए। उन्होंने ओंकारेश्वर के हेलीपैड पर स्थाई ग्रीन रूम बनवाने तथा सभी होटलों के परिसर में वृक्षारोपण करने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ करने के लिए भी कहा।

“मिशन अमृत संचय” के तहत पक्की छतों वाले मकानों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं

कलेक्टर श्री गुप्ता ने रक्तदान शिविरों में उल्लेखनीय प्रगति ना आने पर नाराजगी प्रगट की तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों के आयोजन से पूर्व उसका प्रचार प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसकी जानकारी रहे, और अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर सकें। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि “मिशन अमृत संचय अभियान” के तहत अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधियों के आवासों की पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के कार्य में गति लाएं। उन्होंने मंडी परिसर के टीन शेड, वेयरहाउस की छतों, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, नर्सिंग होम, प्राइवेट हॉस्पिटल, प्राइवेट स्कूल सहित सभी भवनों की छतों पर रूफ़ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!