
पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज में इको-फ्रेंडली गणेश कार्यशाला का आयोजन।

स्कूली बच्चों ने सीखा मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाना।
खंडवा। जिला प्रशासन ने इस वर्ष मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को लेकर अभियान चला रखा है। अलग-अलग स्थान एवं स्कूलों में मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाने को लेकर सभी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है एवं स्कूली बच्चे भी मिट्टी की गणेश प्रतिमा बना रहे हैं जिससे पर्यावरण की रक्षा होती है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन बताया कि पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण एवं परंपराओं के संरक्षण की दिशा में विशेष पहल करते हुए इको-फ्रेंडली गणेश जी बनाने की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन अंकुर व्यास द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मिट्टी से सुंदर एवं आकर्षक गणेश प्रतिमाएँ बनाकर अपनी सृजनात्मकता का परिचय दिया। कार्यशाला में राजकुमार मालाकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश देना रहा। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपेश आर. उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हमें अपनी परंपराओं का पालन करते समय प्रकृति की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। प्लास्टर ऑफ पेरिस की केमिकल युक्त प्रतिमाओं से विसर्जन स्थल का जल खराब होकर कई जीव जंतुओं की हत्या होती है। इसे बचाने के लिए मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाकर विराजमान किया जाना चाहिए जो नुकसानदायक नहीं है। संस्था अध्यक्ष संदीप गुप्ता संस्था प्रबंधक सतीश पटेल एवं समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।










