
सांसद श्री पाटिल ने दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात।
खंडवा जिला मुख्यालय पर सैनिक स्कूल की स्वीकृति संबंधी सौंपा पत्र।
खंडवा।। दिल्ली में इन दोनों लोकसभा का सत्र चल रहा है। खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग विभागों के केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर क्षेत्र में नई सौगातो के लिए अनुरोध पत्र सौंपे जा रहे हैं। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया की बुधवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने जिला मुख्यालय खंडवा में सैनिक स्कूल खोलें जाने हेतु देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अनुरोध पत्र सोंपकर सैनिक स्कूल की स्वीकृति हेतु मांग की। सांसद श्री पाटिल ने पत्र में लिखा कि मेरे संसदीय क्षेत्र खंडवा म.प्र.के अंतर्गत पं. दीनदयाल बाल कल्याण समिति, खंडवा द्वारा सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया गया है। आवेदन का क्रमांक
SNKLP004620725 है। विद्या भारती द्वारा मालवा प्रांत में शिक्षा के क्षेत्र में अनेकों विद्यालय सफलतापूर्वक संचालित हो रहें है। सीबीएसई पैटर्न के विद्यालयों का भी सुचारू रूप से संचालन हो रहा है। खंडवा जिला शिक्षा के क्षेत्र में भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त है, यहां के युवा राष्ट्रीय सेवा और रक्षा क्षेत्र में विशेष रुचि रखते हैं। सैनिक स्कूल की स्थापना से इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण सैन्य प्रशिक्षण, शैक्षिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा तथा इनमें देश प्रेम की भावना का संचार होगा एवं राष्ट्र को योग्य एवं अनुशासित नागरिक मिल सकेंगे। खंडवा मुख्यालय पर पं. दीनदयाल बाल कल्याण समिति विद्या भारती से संबंद्ध है। इनके पास भवन, व अन्य संसाधनों हेतु पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। तथा संस्था के पास राशि की उपलब्धता है। सैनिक स्कूल खोलने तथा इसकी मान्यता संबंधी समस्त शर्तों का पालन संस्था द्वारा किया जावेगा तथा संस्था शासन के मापदंडों में पात्रता रखती है। अतः अनुरोध है कि खंडवा जिले के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए जिला मुख्यालय खंडवा में सैनिक स्कूल की स्थापना के इस प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान करने की कृपा करें।










