फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तक बढ़ाई गई
—
खण्डवा//किसान भाई 17 अगस्त 2026 तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। उपसंचालक कृषि श्री नितेश यादव ने जिले के किसानों से अपील की है कि अलनीनो के प्रभाव से मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने किसानों की अधिसूचित फसलों का बीमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। अऋणी एवं डिफाल्टर किसान अपनी भू- अधिकार पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं बुवाई प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजो के साथ निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर या संबंधित बैंक ब्रांच जाकर अथवा फसल बीमा पोर्टल या फसल बीमा ऐप्प के माध्यम से अधिसूचित फसल हेतु निर्धारित प्रीमियम राशि जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रीमियम की यह राशि सोयाबीन हेतु प्रति एकड़ 371 रुपए, मक्का फसल हेतु 296 रूपये, अरहर हेतु 311 रुपए एवं कपास फसल हेतु 1200 रुपये निर्धारित है।











