ताज़ा ख़बरें

राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत खंडवा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 242 वरिष्ठजनों ने लिया लाभ।

खास खबर

राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत खंडवा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 242 वरिष्ठजनों ने लिया लाभ।

खंडवा। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत वृद्धजनों के समग्र स्वास्थ्य संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता के उद्देश्य से मंगलवार को श्रीमती सावित्रीबाई झवर सेवा न्यास, केशव धाम दिव्यांग बालक छात्रावास (पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे) में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि शिविर का आयोजन पंडित शिवनाथ शास्त्री शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, बुरहानपुर तथा जिला आयुष विभाग, खंडवा द्वारा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस दौरान मधुमेह, संधिवात, आमवात, उच्च रक्तचाप, अल्जाइमर, अवसाद, मतिभ्रम एवं अनिद्रा जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
सुनील जैन ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित वरिष्ठजनों को संतुलित आहार, स्वस्थ दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा (शुगर) एवं रक्तचाप की भी निःशुल्क जांच की गई।
शिविर में आयुर्वेद विभाग के 116, होम्योपैथी के 42, यूनानी के 39 तथा पंडित शिवनाथ शास्त्री शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, बुरहानपुर के 45 सहित कुल 242 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। वहीं 150 लोगों की हीमोग्लोबिन, शुगर एवं रक्तचाप की स्क्रीनिंग की गई। डॉ आशीष पारे ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!