
वंदे मातरम् गान के साथ कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का कटाक्ष नरेंद्र मोदी, अच्छे दिनों के अंदर अब झुकेन्दर मोदी हो गए हैं
संगठन ही वह माध्यम है जो पार्टी की विचारधारा और नेताओं की बात को घर-घर तक पहुंचाता है “महेंद्र जोशी”
आज प्रातः जागरण,ध्वज वंदन, व्यायाम एवं बौद्धिक सत्र के साथ प्रमाण पत्र वितरित के साथ होगा शिविर का समापन
खंडवा/
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देश भर में अपने संगठन को जमीनी स्तर (बूथ और ब्लॉक) तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। पार्टी इन शिविरों के माध्यम से पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति, जनहित के मुद्दों को उठाने और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल की ट्रेनिंग देती है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि खंडवा की निजी होटल में खंडवा एवं बुरहानपुर कांग्रेस कमेटी का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 12 जुलाई रविवार को वंदे मातरम गान के साथ हुआ, शिविर के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं डॉ भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा सुत की माला पहनाकर उन्हें याद किया। शिविर में खंडवा एवं बुरहानपुर जिले से आए मंडलम अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं नगर परिषद अध्यक्षों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठन की मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पधारे ब्लॉक अध्यक्ष मंडलम अध्यक्ष एवं नगर परिषद अध्यक्षों का गमछा पहनाकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष खंडवा (ग्रामीण)उत्तमपाल सिंह,जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुरहानपुर (ग्रामीण) रविन्द्र महाजन,जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) खंडवा प्रतिभा रघुवंशी एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर)बुरहानपुर रिंकू टॉक ने आत्मीय स्वागत किया।
शिविर के प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी ने सभी पदाधिकारियों से पारिवारिक वातावरण में संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मजबूत संगठन के बिना कोई भी बड़ा नेता चुनाव नहीं जीत सकता।
महेंद्र जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि “हम धर्म को मानते तो बहुत अधिक हैं, लेकिन उसे जानते बहुत कम हैं। प्रशिक्षण के साथ की गई मेहनत ही परिणाम लेकर आती है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बच्चों के हाथों में कलम और शिक्षा देने का काम किया, जबकि भाजपा ने उनके हाथों में तलवार और त्रिशूल देने की राजनीति की है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर मुद्दे पर मजबूती से अपनी बात रखें। उन्होंने कहा, “आपकी चुप्पी सामने वालों को ताकत देती है।” साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीति और जीवन का सबसे बड़ा शत्रु अहंकार है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हवाई यात्रा में सामान के वजन की सीमा होती है, उसी प्रकार राजनीति में जितनी ऊंचाई पर जाना है, उतना ही अहंकार का बोझ कम करना होगा।
महेंद्र जोशी ने कहा कि संगठन ही वह माध्यम है जो पार्टी की विचारधारा और नेताओं की बात को घर-घर तक पहुंचाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सच्चाई की लड़ाई लड़ने और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उपस्थित पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।
“प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का कटाक्ष नरेंद्र मोदी, अच्छे दिनों के अंदर अब झुकेन्दर मोदी हो गए हैं”
खंडवा में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस प्रभारी हरिश चौधरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि”हमारे प्रधानमंत्री जी सामान्य दिनों के अंदर तो नरेंद्र मोदी जी थे, और अच्छे दिनों के अंदर… झुकेंदर मोदी जी हो गए कि हर दिशा में झुक ही रहे हैं। स्वयं झुकें तो अलग बात… स्वयं ट्रंप के सामने झुकें, अलग बात। देश को ट्रंप के सामने झुका दिया।
अयोध्या जी में धर्म को आरएसएस के सामने झुका दिया। ओंकारेश्वर जी में आदि शंकराचार्य जी को झुका दिया। छात्रों को परीक्षा में झुका दिया, किसानों को खाद में झुका दिया, महिला और गृहणियों को सिलेंडर में घुसा… झुका दिया। हर दिशा के अंदर झुकाना ही… तो नरेंद्र मोदी जी जो सामान्य दिन में थे, वो झुकेंदर मोदी जी बन गए।”
मीडिया ने सवाल किया की अभी जो क्या लगता है कि जो नरोत्तम सर का टिकट कटा है तो, उनको किधर झुका दिया?”
“ये अब किनको झुकाया, वो तो समय बताएगा। कोई न कोई तो झुका है, कोई न कोई झुकेगा। हम चाहते हैं देश में हर व्यवस्था, व्यक्ति संविधान के सामने झुके। पर संविधान के सामने झुक नहीं रहे, ये और किसी दिशा के अंदर झुकना… खुद भी झुक रहे हैं और देश को भी झुकाना चाहते हैं, देश के हर वर्ग को झुकाना चाहते हैं।”श्री चौधरी ने कहा कि चुनावों में अब कांग्रेस को बचाने की बात नही है,अब देश को बचाने की जवाबदारी हमारे पास आ गई है। श्री चौधरी ने स्पष्ट कहा कि दिल्ली भोपाल से कांग्रेस बहुत चला ली है अब आपके शहर से कांग्रेस चलेगी अब अगला चुनाव कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं लड़ेगा, अगला चुनाव संगठन और आप लोग चुनाव लड़ेंगे।
मैं विश्वास दिलाता हूं कभी निमाड़ में कांग्रेस मजबूत हो गई, तो प्रदेश में भी कांग्रेस मजबूत होगी,और प्रदेश में कांग्रेस मजबूत हो गई तो भारत में भी कांग्रेस मजबूत हो जाएगी।
दिनांक 13 जुलाई सोमवार को प्रातः जागरण, ध्वज वंदन एवं व्यायाम के बाद लगातार बौद्धिक सत्र आयोजित होंगे। दोपहर पश्चात समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे तथा आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस मुख्य रूप से पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा,पूर्व विधायक रवि जोशी, संगठन सचिव धर्मेन्द्र सिंह राठौर, संगठन सचिव विकास व्यास, ग्यारसी लाल रावत, हामिद काजी,जसलीन कीर,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पवनपाटीदार,इमरान गौरी,विशाल जैन,आदित्य गार्गव, हेमन्त टाले ,सुहागमल विश्नोई ,हरचरण भाटिया,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन आदि कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ता मौजूद थे।











