
कुशीनगर के हाटा नगर स्थित अंबेडकर नगर वार्ड संख्या 10 में गुरुवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन घटना को संदिग्ध मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मृतक की पहचान वार्ड संख्या 10 निवासी सीताराम चौहान के 20 वर्षीय पुत्र शिवम चौहान के रूप में हुई है। शिवम कर्नाटक में टाइल्स लगाने का काम करता था और करीब एक माह पूर्व घर लौटा था। वह अविवाहित था और परिवार में सबसे बड़ा पुत्र था।
परिजनों के अनुसार, शिवम बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। रात भर खोजबीन के बावजूद जब शिवम का कोई सुराग नहीं मिला तो गुरुवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग फिर उसकी तलाश में निकल पड़े।
खोजबीन के दौरान हाटा नगर से करीब एक किलोमीटर दक्षिण स्थित देवरिया मोड़ के पास एक खेत में शिवम का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि शव उसके ही बेल्ट के सहारे फंदे से लटका हुआ था। शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर हाटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सीताराम चौहान ने बताया कि उनका पुत्र बुधवार शाम घर से निकला था। रात भर तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। सुबह खोजबीन के दौरान उसका शव खेत में पेड़ से लटका मिला।
स्थानीय सभासद प्रतिनिधि अर्जुन मौर्य ने भी युवक के लापता होने और शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कस्बा चौकी इंचार्ज रूपेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।













