“वसूली में नंबर वन, किसान परेशान”: चालानी कार्रवाई पर शिवसेना का हमला, पारदर्शिता की मांग तेज
खंडवा। खंडवा में बढ़ती चालानी कार्रवाई को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। शिव सेना के जिला प्रमुख गणेश भावसार ने पुलिस की वसूली पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाए हैं।
गणेश भावसार ने कहा कि “खंडवा वसूली में नंबर वन बनता जा रहा है, जबकि किसान अपनी फसल बेचने के लिए भटक रहा है। जिस तरह गन्ने से रस निकाला जाता है, उसी तरह आम जनता के खून-पसीने की कमाई निचोड़ी जा रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चालानी कार्रवाई के नाम पर जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चालान से वसूला जा रहा पैसा आखिर कहां जा रहा है और उसका उपयोग किस प्रकार हो रहा है। भावसार ने प्रशासन से मांग की कि वसूली की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जनता को सच्चाई पता चल सके।
शिवसेना जिला प्रमुख ने कहा कि यदि इसी तरह आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया गया तो संगठन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर “अनावश्यक वसूली” उचित नहीं है।
इधर पुलिस का कहना है कि चालानी कार्रवाई यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए की जा रही है और इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है, जहां एक तरफ पुलिस सख्ती को सुरक्षा के लिए जरूरी बता रही है, वहीं विपक्ष इसे आम जनता पर आर्थिक दबाव के रूप में देख रहा है।
2,534 1 minute read











