उत्तर प्रदेशक्राइममेरठ

हस्तिनापुर: कलयुगी बेटे ने मां का गला दबाकर की हत्या, दिल दहला देने वाला खुलासा

हस्तिनापुर (मेरठ)। मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गढ़ी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने अपनी ही 50 वर्षीय मां की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पूरे दिन मोहल्ले वालों और रिश्तेदारों के सामने मां की मौत का कारण ‘हार्ट अटैक’ बताया, लेकिन रात होते-होते खुद ही पुलिस को फोन कर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर गढ़ी की बंगाली कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 11 बजे संजय नामक युवक का अपनी मां निर्मला से मामूली विवाद हुआ। गुस्से में आकर संजय ने मां का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिन भर आरोपी इस सच को छुपाए रहा और सबको यही कहता रहा कि मां को दिल का दौरा पड़ा है। शाम को जब उसका बड़ा भाई विपुल उत्तराखंड (उधम सिंह नगर) से घर पहुँचा, तो उसे मां के गले पर चोट के निशान देखकर शक हुआ। पड़ोसियों ने भी बताया कि संजय किसी को घर के अंदर निर्मला को देखने नहीं दे रहा था।

पुलिस के सामने कबूला गुनाह भाई के कड़े सवालों और अपनी अंतरात्मा के बोझ तले दबे संजय ने रात करीब पौने 11 बजे घर से बाहर निकलकर खुद पुलिस को फोन किया और अपनी मां की हत्या की बात स्वीकार की। मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी का खौफनाक इतिहास पुलिस जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सीओ मवाना पंकज लवानिया के मुताबिक, आरोपी संजय पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। करीब डेढ़ साल पहले उसने अपनी पत्नी से विवाद के बाद अपने महज 6 महीने के मासूम बेटे को जमीन पर पटक कर मार डाला था। वह कुछ समय पहले ही इस मामले में जमानत पर बाहर आया था।

मुख्य बिंदु: घटनास्थल: अकबरपुर गढ़ी, बंगाली कॉलोनी, हस्तिनापुर।आरोपी: संजय (पूर्व में अपने बेटे की हत्या का भी आरोपी वजह: गृहक्लेश और मामूली विवाद।पुलिस कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मुकदमा दर्ज।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!