
प्रेमांशु जैन को जिला कांग्रेस प्रवक्ता बनाने पर पोरवाड़ सामाजिक मंच ने किया सम्मान

खंडवा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशंसा पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) खंडवा में प्रेमांशु जैन को जिला प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर जैन समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। उनकी इस नियुक्ति को समाजजनों ने गौरव का विषय बताया है।
इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं मातृशक्ति ने प्रेमांशु जैन के निवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पमालाओं से स्वागत कर श्रीफल भेंट किया एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उपस्थित समाजजनों ने मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पोरवाड़ सामाजिक मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेमांशु जैन की यह नियुक्ति उनके लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ निर्वहन करते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
इस दौरान प्रेमांशु जैन ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदारी भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान पोरवाड़ दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष वीरेन्द्र भटयांण,पूर्व अध्यक्ष चिंतामण जैन,सुरेन्द्र जैन नगावा,पोरवाड़ सामाजिक मंच अध्यक्ष प्रेमांशु जैन अधिवक्ता,सचिव मनीष जैन महल,श्रीमती योगिता जैन,कोषाध्यक्ष श्रीमती नमिता जैन ,अंशुमा चौधरी सहित पोरवाड़ सामाजिक मंच के अन्य सदस्य सहित समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने एकजुटता का परिचय देते हुए प्रेमांशु जैन को निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।









