
कुशीनगर जनपद के हाटा क्षेत्र स्थित श्री कैलाश शाही स्मारक इंटर कॉलेज, बरवा बाबू में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह का संचार दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत देशभक्ति गीतों से हुई, जिसने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक एवं समूह गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल ने सभी का मन मोह लिया, और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक आस्था के महापर्व छठ पर आधारित भव्य झांकी रही। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा और मधुर गीत-संगीत के साथ छठ पर्व की जीवंत प्रस्तुति दी। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा, घाट का दृश्य और श्रद्धा-भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकी की सजीवता और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने पूरे पंडाल को तालियों से गुंजायमान कर दिया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कृत किया गया। साथ ही मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल वर्ग में पिंकी राय ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को उनके अंक प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र कुमार शाही उर्फ राजन शाही, मैनेजिंग डायरेक्टर रूद्र शाही, प्रधानाचार्य व्यास कुमार गौड़ एवं उप प्रधानाचार्य दीनदयाल विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख पिपराइच आनंद शाही, ब्लॉक प्रमुख जनार्दन जायसवाल, पार्षद शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार ओझा ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।








