
*अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “महिला नेतृत्व स्वच्छता सप्ताह” के अंतर्गत NAARi Leads स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित*
खण्डवा//
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संचालित “महिला नेतृत्व स्वच्छता सप्ताह” के अंतर्गत आज दिनांक 14 मार्च 2026 को नगर निगम के झोन क्रमांक 06 में NAARi Leads स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमाली समाज महिला मंडल द्वारा किया गया, जिसमें स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान समाज की वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान शाल एवं पुष्पहार से किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता विषय पर प्रश्नोत्तर एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। डीटीडीसी गेम में भाग लेते हुए प्राजंलि गंगराड़े ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि स्वच्छता परीक्षा में श्रीमती संगीता श्रीमाली एवं चित्रा श्रीमाली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं द्वारा स्वच्छता की शपथ ली गई तथा प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल ऑर्गेनिक रंगों के साथ फाग उत्सव भी मनाया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित महिलाओं ने राष्ट्रीय गान गाकर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम में लगभग 50 महिलाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार की गई धूपबत्ती महिलाओं को भेंट स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा समाज में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।













