
इंदौर, 11 मार्च 2026
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इंदौर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसी, अवन्तिका के सेल्स अधिकारी, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, एचपीसीएल गैस प्लांट मांगलिया के मैनेजर तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम. एल. मारू ने बताया कि हाल ही में लोगों में आशंका के कारण बुकिंग में अचानक वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों के आंकड़ों में सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक बुकिंग दर्ज की गई है, जिससे यह स्पष्ट है कि लोगों में अनावश्यक भय का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि 14 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बुकिंग के आधार पर सिलेंडर मिलते रहेंगे। ऑयल कंपनियों द्वारा केवल इतना बदलाव किया गया है कि सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। उपभोक्ताओ को सामान्यतः बुकिंग के तीन दिन के भीतर डिलेवरी घर पर ही ओटीपी के माध्यम से दी जा रही है।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित है। इसलिए होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं होने दी जाए। यदि होटल या अन्य व्यवसायों को घरेलू सिलेंडर दिए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि शैक्षणिक संस्थान और अस्पतालों के लिए ऑयल कंपनी द्वारा दी गई छूट अनुसार कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी।
प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए तीन जांच दल गठित किए गए हैं, जो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अब सिलेंडर डिलीवरी के समय उपभोक्ता से ओटीपी अनिवार्य रूप से लिया जाएगा, जिससे अनियमितता की संभावना कम होगी।
साथ ही, शहर में जहां पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां होटल और रेस्टोरेंट को प्रक्रिया पूर्ण कर तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अवंतिका गैस कंपनी ने इस संबंध में त्वरित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
*समस्या होने पर इन नंबरों पर करें शिकायत*
इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर फिलहाल किसी प्रकार की कमी या समस्या नहीं है। प्रशासन के अनुसार शहर में गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यदि किसी उपभोक्ता को भारत गैस, इंडेन गैस या एचपी गैस के डीलर द्वारा सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो इसकी शिकायत संबंधित कंपनी के कस्टमर केयर नंबरों पर की जा सकती है








