होलिका दहन आज, कल और परसों उड़ेगा रंग-गुलाल,
200 से अधिक स्थानों पर जलेगी होलिका, होली-धूलेंडी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 500 पुलिसकर्मी तैनात।
खंडवा। शहर सहित जिलेभर में होली का पर्व उल्लास और परंपरा के साथ मनाया जाएगा। 2 मार्च सोमवार को शुभ मुहूर्त में शहर के लगभग 200 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को रंग-गुलाल के साथ धूलेंडी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
रंगों के इस त्योहार की रौनक शहर के कोने-कोने में नजर आ रही है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि गली-मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर होलिका दहन के बाद रात से ही उत्सव का माहौल शुरू हो जाएगा। मंगलवार सुबह से धूलेंडी पर लोगों के चेहरे लाल-गुलाबी रंगों से सराबोर दिखाई देंगे। शहर में अभी से होली के गीत गूंजने लगे हैं, वहीं बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिरों में फाग उत्सव, महिला मंडलों की फूलों की होली
शहर के प्रमुख मंदिरों में फाग उत्सव और भगोरिया पर्व भी उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। महिला मंडलों द्वारा भजनों के साथ सूखे रंगों और फूलों की होली खेली जा रही है। होली को लेकर होलिका दहन के एक दिन पूर्व रविवार को बाजारों में भी सुबह से ही खरीददारों की भीड़ उमड़ रही थी।
परंपरागत स्थलों पर विधि-विधान से होगा दहन
सुनील जैन ने बताया कि केवलराम पेट्रोल पंप तिराहा, गुप्ताजी की होली, दादाजी धाम, अनाज मंडी प्रांगण और नगर निगम प्रांगण जैसे स्थानों पर पिछले 40-50 वर्षों से होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है। इन स्थानों पर रात 8 से 9 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से होलिका दहन किया जाएगा।
प्रशासन सतर्क, शांति समिति की बैठक
होली एवं आगामी त्योहारो को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक मंगलवार को दोपहर कलेक्टर सभागृह में आयोजित की गई। जिला प्रशासन होली, धूलेंडी, रंग पंचमी एवं रमजान पर्व को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।
डीआईजी मनोज राय के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न चौराहों पर लगभग 500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी जवान सोमवार शाम 4 बजे से अपने-अपने प्वाइंट पर तैनात रहेंगे और मंगलवार रात तक व्यवस्था संभालेंगे। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।









