ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

डिंडोरी में जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, 64 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

सैयद इशाक अली 
डिंडौरी : 27 जनवरी, 2026
बैडमिंटन क्लब डिंडोरी द्वारा जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 26 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक इनडोर खेल परिसर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कलेक्ट्रेट परिसर डिंडोरी में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले के समनापुर, अमरपुर, करंजिया, बजाग, शहपुरा, मेंहदवानी एवं डिंडोरी विकासखंड से कुल 64 खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत सिंगल एवं डबल मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में विजेता खिलाड़ियों को प्रथम पुरस्कार 5 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिला स्तरीय ओपन प्रतियोगिता का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना का भी निर्माण करता है।
शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के मध्य मैत्री मैच खेला गया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में विजय प्राप्त की। इसके पश्चात खिलाड़ियों के मध्य सिंगल एवं डबल मुकाबले प्रारंभ हुए।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्य श्री राकेश सिहारे, अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सरैया, उपाध्यक्ष जावेद खान (अमरपुर), सचिव एस. सिहारे, कोषाध्यक्ष सुशांत यादव, सहसचिव देवेन्द्र पटेल सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक, सीनियर एवं जूनियर खिलाड़ी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवाओं में खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास हो रहा है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!