पति को जिलाबदर किए जाने पर पत्नी की गुहार।
कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची उर्मिला जैन, दस्तावेज व भरण-पोषण सहायता की मांग।
खंडवा। पति के खिलाफ की गई जिलाबदर कार्रवाई को असत्य साक्ष्यों पर आधारित बताते हुए सन्मति नगर निवासी उर्मिला जैन ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने प्रशासन से मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, रोजनामचा एवं अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण के लिए शासकीय सहायता दिलाने की मांग की है।
तीन छोटे बच्चों के साथ आर्थिक संकट
आवेदिका उर्मिला जैन ने बताया कि उनके पति अमित जैन पिता राजेन्द्र जैन को जिला बदर कर जिले से बाहर कर दिया गया है। उनके तीन छोटे बच्चे — 5 वर्षीय अविरल, 4 वर्षीय जतन और 1 वर्षीय माघव — हैं। उर्मिला ने बताया कि वह 9-10वीं तक शिक्षित हैं और किसी प्रकार का रोजगार नहीं जानतीं। पति के बाहर रहने से परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है और भरण-पोषण तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग
आवेदन में उन्होंने 17 अगस्त 2025 की कथित घटना से संबंधित थाना मोघट रोड के सीसीटीवी फुटेज, रोजनामचा तथा सीसीटीएनएस की 24 घंटे की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों की आवश्यकता उन्हें आगे की न्यायिक कार्यवाही के लिए है। उर्मिला जैन ने आवेदन में यह भी मांग की है कि पति की गिरफ्तारी की सत्यता परखने के लिए थाना प्रभारी का नार्को परीक्षण कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके। आवेदिका ने बताया कि वह मामले को लेकर उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर करने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए संबंधित अभिलेखों की आवश्यकता है,जनसुनवाई में प्रस्तुत इस आवेदन पर प्रशासन द्वारा आवश्यक परीक्षण और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।











