
हाटा (कुशीनगर)।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के स्वागीपट्टी गांव में शनिवार को घटी एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कथित शारीरिक शोषण से आहत 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर से न सिर्फ गांव, बल्कि पूरे जनपद में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। जिस मां ने बेटी को न्याय दिलाने की आस में थाना का दरवाजा खटखटाया था, उसी मां को कुछ ही घंटों बाद अपनी बेटी का निर्जीव शरीर देखना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की मां ने गांव के ही एक युवक पर अपनी नाबालिग बेटी का लंबे समय से शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था। मां का कहना है कि जब उन्हें इस अमानवीय कृत्य की जानकारी हुई, तो उन्होंने बिना देरी किए हाटा कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस की पहल से बेटी को न्याय मिलेगा और आरोपी सलाखों के पीछे जाएगा।
लेकिन शिकायत दर्ज कराने के कुछ ही घंटों बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां के घर लौटते ही सूचना मिली कि उनकी बेटी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बदहवास होकर गिर पड़ीं और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम थीं और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया।
हाटा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार दूबे ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक वैन की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और स्पष्ट होगी।









