
कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटनी गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के सागौन के बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही अहिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पटनी गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र साहनी पुत्र अंबिका साहनी के रूप में हुई है। रविंद्र पेशे से राजगीर था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी इंदु देवी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है।
घटनास्थल पर पहुंचते ही मृतक की पत्नी इंदु देवी शव देखकर बेसुध हो गईं। उन्होंने रोते-बिलखते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया और गांव के ही एक व्यक्ति पर अपने पति की सुनियोजित हत्या का गंभीर आरोप लगाया। इंदु देवी का कहना है कि रविवार शाम गांव के कुछ लोग रविंद्र को खेत से जुड़े एक ठेका (ब्याना) दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह बगीचे में शव मिलने की सूचना से परिवार को घटना की जानकारी हुई।
परिजनों ने बताया कि रविंद्र साहनी करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। वह अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में लगभग डेढ़ वर्ष जेल में रहा था। बाद में समझौते के बाद पत्नी द्वारा उसे जेल से छुड़वाकर घर लाया गया था। इस जानकारी की पुष्टि परिजनों ने की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया जा रहा है, उसकी छवि गांव में शांत और ईमानदार मानी जाती है। ग्रामीणों का मानना है कि सच्चाई विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और डॉग स्क्वायड बुलाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही हो सकेगा।









