
*स्वच्छता की पाठशाला के अंतर्गत डोर टू डोर सेग्रीगेशन एवं स्वच्छता महुआ ऐप पर विशेष जोर*

खंडवा नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छता की पाठशाला अभियान के अंतर्गत शहर में स्वच्छता को सुदृढ़ करने हेतु डोर टू डोर सेग्रीगेशन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण की नियमित आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
अभियान के अंतर्गत नागरिकों को स्वच्छता महुआ ऐप के महत्व की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही ऐप डाउनलोड करवाए गए। ऐप के माध्यम से नगरवासी अपने क्षेत्र की स्वच्छता से संबंधित शिकायतें, जैसे गंदगी, कचरा उठान, नाली सफाई आदि दर्ज कर सकते हैं, जिनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। जिन क्षेत्रों में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्वच्छता कार्य किया जा रहा है, वहां भी ऐप डाउनलोड कराने एवं उसके उपयोग के लिए विशेष निर्देश दिए गए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्यरत समूह डिजिटल माध्यम से निगम से बेहतर समन्वय स्थापित कर सकें।
साथ ही वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में डोर टू डोर निरीक्षण नियमित रूप से करने, कचरा सेग्रीगेशन की स्थिति की जांच करने तथा नालियों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिक निगम का उद्देश्य है कि नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जाए और शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाया जाए।










