
सांसद श्री पाटिल ने “दिशा” की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
—
जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएं, मरीजों को अनावश्यक रेफर ना करें
—
जिला अस्पताल की पेयजल पाइप लाइन और पानी की टंकियों का समय समय पर निरीक्षण करें
—
खण्डवा//
सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सिविल सर्जन एवं मेडिकल कॉलेज के डीन को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को अत्यावश्यक होने पर ही बड़े शहरों के उच्च स्तरीय अस्पतालों में उपचार के लिए रेफर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल परिसर में मरीजों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सांसद श्री पाटिल ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में पेयजल व्यवस्था संबंधी पाइपलाइन में लीकेज चेक करवा लें। बैठक में विधायक खंडवा श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, विधायक पंधाना श्रीमती छाया मोरे, विधायक मांधाता श्री नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे के अलावा कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, वन मंडल अधिकारी श्री राकेश डामोर, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा तथा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में सांसद श्री पाटिल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम, राष्ट्रीय सड़क विकास प्राधिकरण, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
सांसद श्री पाटिल ने बैठक में निर्देश दिए कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम द्वारा निर्मित की जा रही पेयजल योजनाओं के निर्माण के दौरान यदि सड़क खोदी जाती है तो संबंधित विभाग खोदी गई सड़क को तुरंत रिपेयर भी करे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए की देशगांव-रूधि राजमार्ग के निर्माण के दौरान जावर सिंचाई योजना की पाइपलाइन विभिन्न स्थानों पर फोड़ दी गई है उसे तत्काल रिपेयर कराएं। सांसद श्री पाटिल ने कहा कि जल जीवन मिशन और जल निगम की पेयजल योजनाओं में जो ठेकेदार गुणवत्ता युक्त कार्य न करें या समय सीमा में पूर्ण न करें, उन्हें ब्लैकलिस्टेड किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे ठेकेदारों पर अर्थदण्ड लगाया जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि प्रत्येक ठेकेदार की दो-दो पेयजल योजनाओं की निरीक्षण के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं, जो कि निरीक्षण के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
सांसद श्री पाटिल ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि जलकर की वसूली पंचायत के माध्यम से नियमित रूप से की जाए, ताकि पेयजल योजनाओं का संधारण पंचायत समय- समय पर कर सके। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत वसूली नहीं कर पा रही है, तो स्व सहायता समूह के माध्यम से जलकर की वसूली कराएं। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि रूधि से देशगांव, बोरगांव से शाहपुर और रोशनी से आशापुर मार्ग का निर्माण आगामी 30 अप्रैल तक पूर्ण कर दिया जाएगा। सांसद श्री पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं के तहत किए गए निर्माण कार्यों के लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किये जाएं। उन्होंने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केनूद तालाब में मूंदी की पेयजल योजना के लिए पानी सुरक्षित रखा जाए, ताकि ग्रीष्म ऋतु में मूंदी के नागरिकों को परेशानी ना हो।
विधायक खंडवा श्रीमती तन्वे ने बैठक में बताया कि जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान गंदगी पाई जाती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गंदगी करने वाले लोगों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई की जाए और और इस संबंध में सूचना पट लगाकर नागरिकों को सचेत भी किया जाए। बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीज के निशुल्क उपचार हेतु खंडवा शहर के कुल 5 अस्पताल अधिकृत हैं । बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 2.23 लाख महिलाएं लाडली बहना योजना से लाभान्वित हो रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रतना शर्मा ने बताया कि पीएम केयर योजना के तहत कुल 7, कोविड-19 योजना के तहत 39, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत कुल 87 तथा स्पॉन्सरशिप योजना के तहत कुल 127 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। इन योजनाओं के तहत बच्चों की देखरेख के लिए 4000 रूपए प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में कुल 2.17 लाख नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं।









