शहर में श्वानों की नसबंदी एवं वैक्सीनेशन अभियान जारी — भैरव तालाब वार्ड क्रमांक 30 में 47 श्वानों का टीकाकरण
खण्डवा//शहर में पशु कल्याण एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से नगर निगम खंडवा द्वारा संचालित श्वान नसबंदी एवं वैक्सीनेशन अभियान निरंतर जारी है। आज दिनांक 21 अक्टूबर 2025, दिन मंगलवार को इस अभियान का छठवां कैंप आयोजित किया गया। यह कार्य महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ।आज के कैंप में भैरव तालाब वार्ड क्रमांक 30 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों सन्मति नगर, भैरव मंदिर रोड, इंदौर रोड एवं कावेरी स्टेट से श्वानों को पकड़कर नसबंदी एवं वैक्सीनेशन की कार्यवाही की गई। इस दौरान मेल श्वान 35 एवं फीमेल श्वान 12 सहित कुल 47 श्वानों का वैक्सीनेशन किया गया। अब तक संचालित सभी शिविरों के माध्यम से कुल 262 श्वानों का टीकाकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है।साथ ही, आईईसी टीम द्वारा नागरिकों को जागरूक किया गया कि श्वानों को अपने घर के सामने भोजन न दें, बल्कि ऐसे सुरक्षित स्थानों पर भोजन दें जहाँ बच्चों एवं बुजुर्गों का आवागमन न हो। नागरिकों को यह भी बताया गया कि श्वानों को मारना या जान से हानि पहुँचाना एक दंडनीय अपराध है तथा जिन स्थानों से श्वानों को पकड़ा जाता है, उन्हें नियमानुसार उसी स्थान पर पुनः छोड़ा जाना अनिवार्य होता है।इस अवसर पर चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी फॉर ह्यूमन काइंड, भोपाल से डॉ. दुर्गेश यादव एवं उनकी टीम उपस्थित रही जिन्होंने निगम कर्मियों के साथ मिलकर संपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न किया।











