
सदर बाजार थाना क्षेत्र के थापर नगर इलाके में एक घर के भीतर महिला का शव फंदे के सहारे लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। परिजनों की माने तो महिला बीमार थी और काफी समय से डिप्रेशन में चल रही थी।
नेपाली नागरिक जगत कुमार अपनी पत्नी सीमा के साथ थापनगर इलाके में किराए पर रहते आ रहे थे। जगत जीआईसी कॉलेज के बाहर फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। इसी मकान में कुछ और परिवार भी रहते हैं। गुरुवार शाम सीमा ने फांसी लगा ली। दुकान का काम खत्म करने के बाद जगत जब वापस घर पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खुला तो अंदर सीमा का शव फंदे के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा होती चली गई।
काफी समय से बीमार चल रही थी सीमा
सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक महिला का पति जगत और उसके कुछ रिश्तेदार वहां पहुंच चुके थे। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सीमा पिछले कुछ समय से बीमार थी। इस बीमारी के चलते वह डिप्रेशन में आ गई थी। काफी उपचार कराया लेकिन उसकी बीमारी में कोई सुधार नहीं आया। उन्होंने संभावना जताई कि डिप्रेशन के चलते ही सीमा ने फांसी लगाई है।
पोस्टमार्टम ना कराने का किया आग्रह
बताया जाता है कि परिजनों ने पुलिस से सीमा का पोस्टमार्टम न कराने का आग्रह किया लेकिन पुलिस ने नेपाली महिला होने का हवाला देते हुए शव को मोर्चरी भिजवा दिया। जगत का कहना है कि वह अपनी पत्नी को नेपाल ले जाकर अंतिम संस्कार करेगा। नेपाल के हालात ठीक नहीं है। उसने पुलिस से पोस्टमार्टम न करने का आग्रह किया लेकिन पुलिस ने एक नहीं मानी और जबरन शव मोर्चरी भेज दिया।












