
अवैध होर्डिंग से शहर की सुंदरता को ग्रहण -शिवसेना
खंडवा। पूरे शहर में अवैध होर्डिंग का मकड़ जाल फैला हुआ है शासकीय भवनों से लेकर बिजली के खंभे तक इसकी जद में आ चुके हैं कार्रवाई के नाम पर निगम खानापूर्ति करता है। उक्त टिप्पणी करते हुए शिवसेना प्रमुख गणेश भावसार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नियम विरुध संचालित हो रहे बेसमेंटो पर कार्रवाई कर बाकायदा तालाबंदी की गई! बाद में पता चला कि बेसमेंट कि यह कार्रवाई दिखावे की थी । क्योंकि सभी बेसमेंट कुछ राशि जमा कर फिर से खोल दिए गए। और बताया गया कि बेसमेंट संचालकों को समय दिया गया है ताकि वह वैकल्पिक व्यवस्था कर ले ।लेकिन आज तक बेसमेंट संचालकों द्वारा कोई भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाए और आज भी बेसमेंट में दुकान संचालित हो रही है। फिर भी नगर निगम का बाजार विभाग सोया हुआ है । इस तरह की कार्रवाई शहर भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सवाल यह उठता है कि निगम टैक्स की वसूली के लिए आम जनता को नियमों का पाठ पढ़ाती है तो वह खुद बेसमेंट की कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहा है ।
बात करें अवैध होर्डिंग के मकड़ जाल की तो कभी कभार खाना पूर्ति के नाम पर नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता और बाजार विभाग कार्रवाई करता है और इसके लिए बाकायदा मीडिया का सहारा भी लिया जाता है एक-दो दिन करवाई के नाम पर वाह वाही लूट ली जाती है बाद में देखे तो शहर के अधिकांश क्षेत्रों में अवैध होर्डिंग पेड़ से लेकर बिजली के खंभे शासकीय भवन सुलभ शौचालय रेलवे और ब्रिज जिला अस्पताल तक अवैध होर्डिंग के साथ ही प्रचार प्रसार के लिए पंपलेट तक चिपका दिए गए हैं। और इधर स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए लाखों का बजट सुंदरता के नाम पर खर्च किया जा रहा है।
श्री भावसार ने आगे कहा कि नगर निगम स्वच्छता के नाम पर खानापूर्ति आम जनता के टैक्स का पैसा बिना कार्य योजना के ही खर्च कर रही है। इस गंभीर विषय को लेकर शीघ्र ही संभाग आयुक्त से लेकर जिला कलेक्टर को पत्र सौंप कर शिकायत की जाएगी।











