
किलकारी शिशु ग्रह में पाली जा रही बालिक अवनी को विधिवत मुंबई के दत्तक माता-पिता को सोपा।
बालिका को प्राप्त करते ही दत्तक माता-पिता खुशी से झूम उठे।

खंडवा।। किसी नन्हीं कली की मुस्कान, एक परिवार का अधूरा सपना पूरा कर देती है। दत्तक ग्रहण न सिर्फ जीवन बदलता है, बल्कि नए रिश्तों को जन्म देता है। मुंबई के दत्तक माता-पिता द्वारा चार वर्ष पूर्व सेंट्रल एडॉप्शन एजेंसी कारा में किया गया आवेदन आज साकार हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने दत्तक माता-पिता को शुभकामना देते हुए बताया कि गणेश महोत्सव के चलते खंडवा की सहज समागम फाउंडेशन द्वारा संचालित विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण केंद्र (किलकारी शिशु गृह) में पाली जा रही बालिका “अवनी” को आज विधिवत दत्तक माता-पिता को सौंपा गया। कारा द्वारा चयन उपरांत खंडवा में सम्पन्न हुए इस गोद भराई एवं दत्तक ग्रहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा एसडीएम बजरंग बहादुर सिंह उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. विश्वासराव कदम एवं उनकी धर्मपत्नी ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन को गौरवान्वित किया। पूरे आयोजन में बाजे-गाजे, ढोल, सूखे मेवे एवं पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई रस्म सम्पन्न हुई। इस दौरान संस्था की संचालक दीपमाला विधानी, डॉ. पिंकी राठौर, समाजसेवी श्वेता गोयल, समाजसेवी सुनील जैन सहित संस्था के अन्य सदस्य तथा खंडवा के कई प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। खंडवा का किलकारी शिशु गृह एक दिन से लेकर 6 वर्ष तक के बच्चों के पालन-पोषण हेतु केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी है। यह संस्था अपने स्वयं के वित्तीय साधनों से इन मासूमों की देखभाल करती है। संस्था की संचालक दीपमाला विधानी ने सभी दत्तक माता-पिता से निवेदन किया कि वे बच्चों को प्यार और दुलार से बड़ा करें तथा उनके भविष्य को संवारें। इस दत्तक ग्रहण से अवनी को नया परिवार मिला है, जहां दत्तक पिता एचसीएल कंपनी में अधिकारी, दादा सेंट्रल बैंक में उच्च पद पर, और नाना बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में स्थापित हैं। अवनी के आगमन से यह परिवार अपने नए वंशज के रूप में हर्षित है। सहज समागम फाउंडेशन का यह छोटा किन्तु महत्वपूर्ण आयोजन समाज के लिए प्रेरणा का संदेश लेकर आया, जिसमें एक नई सुबह, एक नए रिश्ते और एक नई मुस्कान की शुरुआत हुई।











