
बाराबंकी में पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। स्वाट टीम और रामनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि लोहटी पसई पुराना बाईपास पर बोहनिया पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति वैगनार कार के साथ खड़ा है।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से बदमाश के पैर में चोट लगी। घायल आरोपी की पहचान कानपुर के किदवई नगर निवासी निखिल तिवारी के रूप में हुई।
आरोपी के पास से एक तमंचा .315 बोर, तीन कारतूस, लूट की वैगनार कार और 8,000 रुपये नकद बरामद हुए। जांच में पता चला कि आरोपी ने 26-27 मार्च को रामनगर के जुड़ौरा में बाबूलाल वर्मा के फार्म हाउस से कार और रुपये लूटे थे। इस मामले में रामनगर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।







