
धार्मिक उल्लास से मनी बड़े दादाजी की बरसी, हजारों की संख्या में दादाजी धाम पहुंचकर श्रध्दालुओं ने किए दर्शन,

खंडवा। प्रतिवषार्नुसार इस वर्ष भी दादाजी धाम पर बड़े दादाजी की बरसी धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दादाजी धाम पहुंचे और पूजन दर्शन किया। साथ ही श्रद्धालुओं ने बड़े दादाजी को चादर भेंट कर नैवेद्य लगाया। दादाजी धाम पर बरसी के अवसर पर पूरे मंदिर प्रांगण में विशेष सज्जा की गई। दिन भर श्रद्धालुओं ने दादाजी धाम पहुंचकर समाधि पर शीश नवाकर पूजा अर्चना की। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि दादाजी की बरसी उत्सव में भाग लेने खंडवा के साथ ही महाराष्ट्र, पाढुंरना, नागपुर, बैतूल सहित अन्य स्थानों से भक्तगण समाधि दर्शन हेतु आए। दादाजी की बरसी पर शुक्रवार को को प्रात: 4 बजे समाधि स्नान, 5 बजे मंगल आरती, 8 बजे आरती, 9.30 बजे सेवा, दोपहर 3 बजे सेवादारों एवं श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से दोनों समाधियों का गंगाजल एवं पंचामृत से स्नान एवं मालिश की। बरसी के विशेष पर्व पर रात्रि 8. बजे महाआरती का आयोजन भी संपन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आरती में भाग लिया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण भी किया गया।






