
*वस्त्र विक्रेता संघ का दीपावली ईद गुरुपर्व मिलन समारोह संपन्न*
खंडवा।वस्त्र विक्रेता संघ खंडवा का दीपावली ईद गुरु पर्व मिलन समारोह गत रात्रि संपन्न हुआ। चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारीयों के सानिध्य में मिलन समारोह में आगामी वित्तीय सत्र हेतु शुभकामनाएं दी गई।वस्त्र विक्रेता संघ के उपाध्यक्ष कमल नागपाल और प्रवक्ता मुदित जेटली ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल लाइंस स्थित एक निजी होटल में यह आयोजन रविवार रात्रि संपन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष सुनील बंसल,विशेष अतिथि चेंबर सचिव संतोष गुप्ता और चेंबर के कोषाध्यक्ष गोवर्धन गोलानी का वस्त्रांबर से स्वागत वस्त्र विक्रेता संघ की ओर से हरमिंदर सिंह छाबड़ा,गणेश गुरबाणी,राजीव शाह,रवि शाह,बशीर मलिक,एम यूनुस,मनोज उधलानी,राजीव बाहेती,मुदित जेटली आदि ने किया।स्वागत उद्बोधन देते हुए अध्यक्ष गणेश गुरबाणी ने अतिथियों का शाब्दिक अभिनंदन किया।कोषाध्यक्ष राजीव बाहेती ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।वर्ष भर में संस्था को हुई आय और व्यय के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी सभा पटल पर रखी गई।वस्त्र विक्रेता संघ के पूर्व अध्यक्ष राजीव शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी संस्था सदैव सक्रिय रहती आई है और सभी के सहयोग से सक्रिय बनी रहेगी।आपने कहा कि अमेरिका में डिजिटल लेन देन पचास फीसदी तक पहुंच चुका है।सचिव एम यूनुस ने कहा कि संगठन की गतिविधियों में सभी का सहयोग मिलता रहता है।
*द्वितीय सत्र में दीपावली ईद गुरुपर्व मिलन समारोह संपन्न*
साधारण सभा के बाद द्वितीय सत्र में दीपावली ईद गुरु पर्व मिलन समारोह हुआ।मुख्य अतिथि चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील बंसल ने कहा कि संगठन में ही शक्ति है।आप अधिक से अधिक सदस्यों को संस्था की सदस्यता दें, ताकि संगठन मजबूती से काम कर सके।आपने कहा कि चेंबर व्यापारी हित में सदैव सक्रिय रहता है।विगत दिनों आई दो अलग-अलग स्थानीय विपदाओं में व्यापारिक योगदान में चैंबर ने तुरंत प्रयास करते हुए अपने कोशिशें की, जिसमें सफलता भी प्राप्त हुई।
विशेष अतिथि के रूप में चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव संतोष गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा की सभी व्यापारी अनिवार्य रूप से अपने प्रतिष्ठानों का बीमा करवा कर ही रखें,ताकि कभी भी विपरीत परिस्थिति आने पर संभला जा सके।आपने कहा कि व्यवसाय के साथ-साथ स्वयं को भी समय दें साथ ही साथ परिवार के साथ भी समय व्यतीत करें।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के कोषाध्यक्ष गोवर्धन गोलानी ने भी विशेष अतिथि के रूप में संबोधित किया।आपने कहा कि इंदौर के कई अस्पतालों से टाइ अप किया हुआ है,जिसमें सभी व्यापारिक संगठनों के सदस्यों को उपचार में विशेष छूट का अनुबंध किया गया है।आपने कहा इस का लाभ लेने के लिए अनिवार्य रूप से सभी सदस्यों को सदस्यता परिचय पत्र जारी किए जाने चाहिए।कार्यक्रम का सफल संचालन उपाध्यक्ष कमल नागपाल ने किया और आभार भारत जेठवानी ने व्यक्त किया।