
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने कसी कमर, एसपी अगम जैन ने ली कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक

खंडवा। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग स्थानों पर उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने पुलिस सहायता केंद्र भगतसिंह चौक में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में शहर खंडवा के तीनों थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, प्रभारी जिला विशेष शाखा तथा रक्षित निरीक्षक श्री शिवमंगल सिंह उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी को लेकर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।












