
कटाक्ष, राजनीति और आस्था: खंडवा में सांसद पाटिल का बयान और दादाजी मंदिर पर बड़ा संकल्प
कांग्रेस पर तीखा हमला—“जीतू पटवारी को उनकी ही पार्टी नहीं लेती गंभीरता से”
खंडवा। दिल्ली में लोकसभा सत्र के बाद खंडवा पहुंचे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने एक ओर जहां कांग्रेस और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला, वहीं दूसरी ओर दादाजी धुनीवाले मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा लक्ष्य सामने रखा। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल
गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर के मार्गदर्शन में दो वार्डों का दौरा करते हुए सांसद ने जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कांग्रेस के प्रस्तावित 9 अप्रैल के कलेक्ट्रेट घेराव आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जीतू पटवारी को उनकी ही पार्टी गंभीरता से नहीं लेती, ऐसे में न आंदोलन की जरूरत पड़ेगी और न कलेक्ट्रेट घेरने की।”
सांसद पाटिल ने कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मध्यप्रदेश ने गेहूं उत्पादन में पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों को पीछे छोड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण आज किसान तीन-तीन फसल लेने में सक्षम हो रहे हैं, जबकि कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी तक सीमित है।
“जब सत्ता में थे, तब किसानों के लिए क्या किया?”—पाटिल का पलटवार
सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर किसानों को सशक्त बनाया है, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक राज करने के बावजूद किसानों की उपेक्षा की।
दादाजी धुनीवाले मंदिर निर्माण को रफ्तार देने की तैयारी
राजनीतिक बयानबाजी के बीच सांसद पाटिल जिला पंचायत सभागृह में दादाजी धुनीवाले मंदिर निर्माण समिति की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में निर्माण कार्य की प्रगति और भविष्य की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति के अनुसार, वर्तमान में मंदिर का फाउंडेशन कार्य प्राथमिकता में है, जिसे अगले दो से ढाई महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
तकनीकी अड़चन से रुका काम, विशेषज्ञ टीम कर रही जांच
सांसद श्री पाटिल ने कहा हाल ही में निर्माण कार्य कुछ दिनों के लिए रुका रहा, जिस पर समिति ने स्पष्ट किया कि फाउंडेशन के माप में अंतर आने के कारण विशेषज्ञों की टीम जांच कर रही है। गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी बताया गया।
साथ ही पत्थरों की खरीदी के लिए टेंडर प्रक्रिया को भी जल्द आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
समिति ने मंदिर निर्माण को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। प्रतिनिधियों ने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद संकल्प मजबूत है और कार्य को समयसीमा में पूरा करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
खंडवा में एक ही दिन में राजनीति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला—एक तरफ कांग्रेस पर तीखे हमले, तो दूसरी तरफ दादाजी धुनीवाले मंदिर के भव्य निर्माण का। पत्रकारों से चर्चा के दौरान सांसद श्री पाटिल के साथ प्रवक्ता सुनील जैन चंद्रेश पचोरी पवन जैन उपस्थित थे।








