
मध्यप्रदेश के सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की सौजन्य भेंट।
अविश्वास प्रस्ताव के संचालन पर बिरलाजी को दी बधाई शुभकामना।
खंडवा। मध्यप्रदेश के समस्त लोकसभा सांसदों ने गुरुवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट कर उनका अभिवादन किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस दौरान सांसदों ने हाल ही में संसद में आए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सदन की कार्यवाही को कुशलतापूर्वक और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
सांसदों ने कहा कि संसद देश के लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर सदन की कार्यवाही को संयम, धैर्य और निष्पक्षता के साथ संचालित करना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। लोकसभा अध्यक्ष ने जिस संतुलन और गरिमा के साथ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन का संचालन किया, वह लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने वाला कदम है।
भेंट के दौरान सांसदों ने संसदीय परंपराओं, लोकसभा की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि संसद में स्वस्थ और सार्थक बहस लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है जिसे बिरला जी बखुबी निभा रहे हैं।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के नेतृत्व की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी उनके मार्गदर्शन में संसद की कार्यवाही इसी प्रकार गरिमामय और सुचारु रूप से संचालित होती रहेगी।
भेंट का वातावरण आत्मीय रहा और सभी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को उनके सफल संसदीय संचालन के लिए शुभकामनाएँ दीं।












