
भूकंप पूर्व की तैयारी एवं क्षमतावर्धन के सम्बंध में दिया प्रशिक्षण
—
खण्डवा//
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन विभाग इकाई खंडवा के तत्वावधान में भूकंप पूर्व की तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के सम्बंध में 5 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में शासकीय नियमित अधिकारियों को सम्मिलित किया गया तथा द्वितीय सत्र में एनसीसी, एनएसएस के कैडेट्स, नेहरू युवा केन्द्र के युवा प्रतिनिधि तथा होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के पहले दिन डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने भूकंप के इतिहास एवं इसके कारणों के सम्बंध में जानकारी दी। जिला चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विशाल ने भूकंप आने की स्थिति में की जाने वाली तात्कालिक कार्यवाही एवं शारीरिक बचाव के सम्बंध में बताया। जिला चिकित्सालय के डॉ. मनोहर ने भूकम्प की स्थिति में की जाने वाली लाइफ सेविंग गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में एस. एन. कॉलेज, खंडवा के प्रोफेसर श्री रवि किराड़ ने भूकंप आने के कारणों, भू गर्भीय हलचल एवं भूकम्प की सम्भावनाओं के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में श्री रविन्द्र महिवाल, प्लाटून कमांडर द्वारा सीपीआर देने के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों द्वारा ड्रेसिंग एवं सीपीआर की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग भी प्राप्त की।












