
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम–एसपी के सख्त निर्देश
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुँचे, अवैध कब्जों पर हो कड़ी कार्रवाई
#शाहाबाद (#हरदोई)।
तहसील शाहाबाद सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
समाधान दिवस में ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त गरीबों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग से गरीबों व सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मर एवं जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत तत्काल कराई जाए। साथ ही नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत उपभोक्ताओं की बिल एवं अन्य शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
पेंशन संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन निराश्रित, वृद्ध एवं दिव्यांगजनों की पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है, उसकी जांच कर पात्र लाभार्थियों की पेंशन बहाल कराई जाए। साथ ही नए पेंशन आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित राशन दुकानों की क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों से जांच कराई जाए तथा शिकायत सही पाए जाने पर दोषी कोटेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में भी समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने उपस्थित थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु अराजक, असामाजिक तत्वों, दबंग एवं अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर सतत नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी गांव के चौकीदारों एवं बीट सिपाहियों से प्रतिदिन ली जाए तथा अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई में राजस्व टीम के साथ समन्वय बनाकर सहयोग किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डे, उप जिलाधिकारी शाहाबाद, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, सीडीपीओ, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पाली रोड पर निर्माणाधीन बारात घर एवं शाहाबाद में बन रहे रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया तथा कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए












