
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में संवाद सफल, हड़ताल पर बैठे सभी सफाईकर्मी पुनः कार्य पर लौटे*

महापौर के नेतृत्व एवं आयुक्त के पर्यवेक्षण में हुई चर्चा के सकारात्मक परिणाम
खंडवा नगर पालिक निगम में गुरुवार को महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव से विस्तृत चर्चा उपरांत सफाई कार्य बंद कर हड़ताल पर बैठे सभी सफाईकर्मी पुनः अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने लगे। महापौर के नेतृत्व में आयोजित इस संवाद में नगर निगम की ओर से जनहित एवं कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी मुद्दों पर सकारात्मक और संवेदनशील विचार-विमर्श किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस चर्चा के दौरान महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के साथ एमआईसी सदस्य, वाल्मीकि समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे विक्की भावरे, राजेश यादव, सोमनाथ काले, मनीष सारसर, सादिक बांटिया, पूर्व पार्षद सुनील जैन, आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद संपन्न हुआ।
*सफाईकर्मी हमारे भाई-बहन हैं : महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव*
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि सफाईकर्मी नगर निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाईकर्मी हमारे भाई-बहन हैं और उनके हितों की रक्षा करना निगम की प्राथमिकता रही है तथा आगे भी रहेगी। महापौर ने सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों जैसे NPS राशि, शासकीय आवास, समय पर वेतन भुगतान आदि पर गंभीरता से विचार करते हुए आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेतन भुगतान 1 से 10 तारीख के मध्य सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएं।
*सफाईकर्मी संघ अध्यक्ष श्री राजू सुनगत का वक्तव्य*
सफाईकर्मी संघ के अध्यक्ष श्री राजू सुनगत ने महापौर जी , एमआईसी सदस्य , आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी जितनी भी मांगे थी उन पर महापौर से संतोषजनक चर्चा हो गई है एवं संवाद के माध्यम से समाधान निकलना महापौर जी की सकारात्मक कार्यशैली को दर्शाता है।
*MIC सदस्य श्री विक्की भावरे का वक्तव्य*
MIC सदस्य श्री विक्की भावरे ने समस्त वाल्मीकि समाज की ओर से महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि सप्ताह में एक घंटा विशेष रूप से कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए निर्धारित किया जाए, जिससे समयबद्ध समाधान संभव हो सके। इस प्रस्ताव को महापौर ने तत्काल स्वीकार किया।
*आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत का वक्तव्य एवं प्रशासनिक निर्णय*
आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने कहा कि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महापौर जी से चर्चा उपरांत प्रत्येक सप्ताह एक घंटा कर्मचारियों की शिकायतों के लिए समर्पित किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री बीमा योजना का लाभ दिलाने हेतु सभी ज़ोन प्रभारियों को आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के निर्देश दिए जाएंगे। पेंशन प्रकरणों में 6 माह पूर्व तैयारी एवं 3 माह पूर्व विभाग में भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके अतिरिक्त वेतन पर्ची (Salary Slip) की व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा, ताकि कर्मचारी अपने-अपने ज़ोन कार्यालय से ही वेतन पर्ची प्राप्त कर सकें।
*संवाद के बाद हड़ताल समाप्त, सफाई व्यवस्था पुनः सुचारु*
उक्त चर्चा, आश्वासन एवं निर्णयों के उपरांत सभी सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर नगर की सफाई व्यवस्था में पुनः योगदान देना प्रारंभ कर दिया। नगर निगम द्वारा नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया है।












