
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पामाखेड़ी और डंठा में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी , अस्पताल का निरीक्षण किया, जल ग्रहण संरचनाएं देखी

—
#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को जिले के दूरस्थ विकासखंड बलडी के अंतिम छोर के गांव पामाखेड़ी एवं डंठा का दौरा कर पंचायत भवन में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन गौड़ा भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पामाखेड़ी और डंठा में भूजल संवर्धन के उद्देश्य से सड़क किनारे बनाई जा रही जल संग्रहण संरचनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान पामाखेड़ी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कार्यकर्ता से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ता से गांव में टीकाकरण की स्थिति तथा प्रसव की सुविधा के संबंध में भी जानकारी ली।
ग्राम पामाखेडी के पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्रामीणों से चर्चा कर गांव में उचित मूल्य की दुकान पर खाद्यान्न वितरण, आंगनवाड़ी में पोषण आहार वितरण, स्कूल में शिक्षको की उपस्थिति, गांव में पेयजल की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। जिस पर महिला सहायता समूह की प्रतिनिधि ने बताया कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए उन्हें अक्टूबर माह से मानदेय अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है । उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ को मामले की जांच कर भुगतान करा के लिए कहा।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने “संकल्प से समाधान अभियान” के तहत गांव में आयोजित शिविर के बारे में भी ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शिविर नहीं लगा है । जिस पर उन्होंने गांव में मुनादी कराकर दोबारा से एक शिविर आयोजित करने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए।उन्होंने इस शिविर के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर की अनुपस्थिति पर उनके विरुद्ध कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री गुप्ता ने दिए ।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की टंकी तो बनी है लेकिन उसमें पानी नहीं भरता है तथा टंकी खाली पड़ी रहती है । जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने सहायक यंत्री पी एच ई विभाग के विरुद्ध कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पामाखेड़ी के ग्रामीणों ने बताया कि “एक बगिया मां के नाम” योजना के तहत बहुत से ग्रामीणों ने पौधे तो लगा दिए हैं, लेकिन उन्हें भुगतान अभी तक नहीं मिला है ।जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को एक सप्ताह में भुगतान करवाने के निर्देश दिए, तथा मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा। एक ग्रामीण राहुल देवड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसने मकान बना लिया है, लेकिन उसे मजदूरी की राशि अभी तक नहीं मिली है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम डंठा में कलेक्टर श्री गुप्ता ने पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी । इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में उर्वरक वितरण की समस्या है, उर्वरक खरीदने के लिए नर्मदा नगर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नलजल योजना हैंड ओवर नहीं हुई है तथा पानी की टंकी भी चटक गई है ।जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की महिलाओं को विधवा पेंशन की राशि नहीं मिल रही है, जिस पर उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय को गांव में विशेष शिविर लगवा कर पेंशन संबंधी लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।












