
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनी
—
खण्डवा
#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, एसडीएम खण्डवा श्री ऋषि कुमार सिंघई, डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में आवेदक कुलदीपसिंह निवासी ग्राम सहेजला ने कलेक्टर श्री गुप्ता को प्रधानमंत्री किसान सम्माननिधि एवं मुख्यमंत्री सम्मान निधि की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने अधीक्षक भू अभिलेख को मामले की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आवेदक अनोखीलाल, महेशप्रसाद तथा कृपाराम निवासी ग्राम दगड़खेड़ी तहसील हरसूद ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आवेदक की भूमि में लगे विद्युत पोल से विद्युत कनेक्शन हटाये जाने व ट्रांसफार्मर एवं विद्युत तार को निकालने से आवेदकगणों को कृषि कार्य करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदकों ने समस्या का निराकरण करने की मांग की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कंपनी को मामले की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आवेदिका श्रीमती विमला डोंगरे ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह सहायक शिक्षक पद से रिटायर हो चुकी है, उसे अभी तक पेंशन का भुगतान नहीं मिल रहा है जिस पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदिका के पेंशन का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिए।









