ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

नगर के आदर्श महाविद्यालय में NEP 2020 पर व्याख्यानमाला हुईं सम्पन्न

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ। दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं म.प्र. शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अध्यादेश 14(1) एवं 14(2) पर आधारित व्याख्यानमाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह व्याख्यानमाला 27 अक्टूबर से 8 नवंबर तक आयोजित की गई।

 

प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर के मार्गदर्शन में आयोजित इस श्रृंखला में आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश बघेल ने विभाग द्वारा प्रदत्त पीपीटी के माध्यम से अध्यादेश की नवीनता, मूलभूत सिद्धांतों और प्रमुख प्रावधानों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार स्वयं पोर्टल के कोर्स के माध्यम से विद्यार्थी अतिरिक्त क्रेडिट अर्जित कर नए शैक्षणिक अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

 

डॉ. बघेल ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें डबल मेजर विषय अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। व्याख्यानमाला का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के प्रत्येक शिक्षक एवं विद्यार्थी को नई शिक्षा नीति के प्रावधानों से परिचित कराना रहा।

 

व्याख्यानमाला के दौरान प्राचार्य प्रो. उछावर और प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेंडीया ने समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस श्रृंखला में डॉ. वंदना पारकर, प्रो. भारती जमरा एवं प्रो. प्रगति मिमरोट ने भी विशेषज्ञ व्याख्यान दिए।

 

कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर नई शिक्षा नीति से संबंधित अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!