
रायगढ़ – काव्य वाटिका सम्मान से सम्मानित हुए गीतकार पुरुषोत्तम ठेठवार।
त्रिलोक न्यूज रायगढ़ संवाददाता – रमेश चौहान
दीपावली मिलन के उल्लासपूर्ण अवसर पर रायगढ़ के साहित्यकारों द्वारा आयोजित काव्य वाटिका सम्मान समारोह में शहर के सुप्रसिद्ध गीतकार आदरणीय पुरुषोत्तम ठेठवार जी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अरुणा साहू निवास में किया गया, जहाँ साहित्य और संगीत के सुरभित वातावरण में उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, सम्मान-पत्र एवं पौधा भेंट कर आदरपूर्वक सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. डी.पी. साहू के आतिथ्य एवं सुरेश चंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर संस्था की संस्थापिका डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ ने काव्य वाटिका की स्थापना और उद्देश्य पर प्रकाश डाला, वहीं ठेठवार जी के जीवन-वृत्त एवं साहित्यिक योगदान का संक्षिप्त परिचय उनकी सुपुत्री नेहा ठेठवार ने बड़े भावपूर्ण अंदाज़ में प्रस्तुत किया।
पुरुषोत्तम ठेठवार जी की प्रकाशित पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ी गीता दोहानुवाद’ छप्पय छानी,रोला रंग,पंचराम के बेटा चार,बाल कथा,इत्यादि पुस्तक प्रकाशित हो। चुके हैं जो जीवन-दर्शन, संस्कृति और दैनिक जीवन की गूढ़ अनुभूतियों को सरल, सुमधुर छंदों में पिरोया गया है। वे जब अपनी रचनाओं को सुर और ताल में गाते हैं तो वातावरण में भक्ति और उत्साह की अनोखी लहर दौड़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान दीपावली मिलन की गरिमा बढ़ाते हुए अरुणा साहू ने अपनी रचना ‘सजल’ का मनमोहक पाठ किया। डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ ने नवीन कविता का पाठ किया, साधना मिश्रा ने अध्यात्म पर केंद्रित काव्य प्रस्तुत किया, सरोज साहू ने व्यंग्य रचना से सबको हँसी से सराबोर किया। इसी क्रम में सीमा पटेल, राघवेंद्र रुहेल, जयंत यादव और नेहा ठेठवार ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से वातावरण को काव्यमय बना दिया।
गीतकार पुरुषोत्तम ठेठवार के इस सम्मान पर रायगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकारों तेजराम नायक, डॉ. गुलशन खम्हारी, सुधा देवांगन, स्वाति पांड्या, अरविंद सोनी ‘सार्थक’, मनोज श्रीवास्तव, धनेश्वरी धरा,पूर्णिमा चौधरी, वसुंधरा पटेल सहित अनेक साहित्यप्रेमियों ने हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अजय पटनायक ने किया, जिन्होंने अपनी प्रभावी वाणी और साहित्यिक समझ से पूरे समारोह को जीवंत बना दिया।













