
राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता हुई आयोजित
खण्डवा 11 अप्रैल, 2025 – सृजन करने की शक्ति ईश्वर ने अपने अलावा मां को दी है। जो सृजन करता है उसे तो स्वस्थ होना ही चाहिए क्योंकि हम जानते हैं गर्भावस्था में शिशु सुनता है। अभिमन्यु का उदाहरण हमारे सामने है ।जब स्वस्थ शिशु दुनिया के सामने आएगा तब दुनिया के झंझावातों का चक्रव्यूह तोड़ सकेगा।इसलिए मां को स्वस्थ होना जरूरी है। उक्त विचार गृह विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रताप राव कदम द्वारा व्यक्त किए गए।गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा कदम ने कस्तूरबा गांधी की जयंती पर आयोजित सुरक्षित मातृत्व दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि दुनिया का खूबसूरत रिश्ता अगर कोई है तो वह है मां।
मां ही हमें दुनिया में लाती है एवं पाल पोसकर बड़ा करती है और जिंदगी जीने का तरीका सिखाती है इसलिए सुरक्षित मातृत्व हम सब की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अर्शी नाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मयूरी ठाकरे एवं सीमा मौर्य ने द्वितीय स्थान एवं कात्यानी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डॉ. कुमुद दुबे एवं डॉ. सीमा कदम पोस्टर प्रतियोगिता के निर्णायक रहे। श्रीमती रीना मालवीय ने शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर के बारे में जानकारी दी। श्रीमती सोनाली निशि ने माता के पोषण एवं श्रीमती मीनू पटेल ने गर्भवती के टीकाकरण एवं डॉ. जयश्री बाथम ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के बारे में बताया एवं डॉ. कुमुद दुबे ने स्वास्थ्य ही जीवन का आधार पर व्याख्यान दिया।










