उच्च शिक्षण संस्थानों में 15 से 30 जुलाई तक चलेगा “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान
—
खण्डवा//विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान” संचालित किया जाएगा। यह अभियान 15 से 30 जुलाई तक जारी रहेगा। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को अभियान के अंतर्गत समयबद्ध रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान की शुरुआत 15 जुलाई को होगी। इस अभियान के दौरान विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट गाइड युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देंगे। जागरूकता रैली, ड्रग अवेयरनेस रन की गतिविधियां होंगी। विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन की शपथ भी दिलाई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता के लिए रील्स एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण तथा उनका प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही नशा मुक्ति विषय पर विशेष व्याख्यान और डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन आयोजित होंगे। अभियान के दौरान चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा।











