
सात दिवसीय सिविल डिफेंस स्वयंसेवक प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ
—
खण्डवा//आपदा के समय त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी आधारित आपदा प्रबंधन तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, खंडवा द्वारा सोमवार को किशोर कुमार सभागार, खंडवा में सात दिवसीय सिविल डिफेंस स्वयंसेवक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ नागार्जुन गौड़ा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारनेकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कमांडेंट श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने प्रशिक्षण की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले में आपदा प्रबंधन की जनभागीदारी को सशक्त बनाने का अभियान है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार होने वाले सिविल डिफेंस स्वयंसेवक आगामी सिंहस्थ-2028, मानसून अवधि एवं अन्य प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदाओं के दौरान जिला प्रशासन, होमगार्ड्स एवं रेस्क्यू टीमों के साथ समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व में प्रशिक्षित एवं सक्रिय आपदा मित्रों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सक्रिय कार्य करने वाले चयनित 5 आपदा मित्रों को टी-शर्ट, ट्रैक सूट, रेनकोट एवं फर्स्ट एड बॉक्स की किट प्रदान की गई। आगामी 12 जुलाई को प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न आपदा प्रबंधन तकनीकों का लाइव प्रदर्शन, मॉक ड्रिल, जल एवं अग्नि बचाव का प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र एवं प्रशिक्षण किट वितरित किए जाएंगे।










