अन्य खबरेउत्तर प्रदेशबदायूँ

पेड़ की टहनी काटने पर अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने घेरा तो थाने का चालक मौके से भागा

बदायूँ मूसाझाग। थाना क्षेत्र के गांव गंगपुर में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब थाने पर तैनात एक सरकारी वाहन चालक पर ग्रामीण किसान से अवैध वसूली मांगने का आरोप लगा। ग्रामीणों के विरोध के बाद चालक मौके से सरकारी बोलेरो लेकर वापस लौट गया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

जानकारी के अनुसार गांव गंगपुर निवासी किसान अनेकपाल सिंह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे हैं। मकान के मुख्य दरवाजे के पास एक नीम का पेड़ खड़ा है, जिसकी एक पतली टहनी दीवार निर्माण में बाधा बन रही थी। किसान ने शुक्रवार सुबह उस टहनी को काट दिया। बताया जाता है कि इसकी सूचना किसी ग्रामीण ने थाने पर तैनात सरकारी वाहन चालक गुरदीप सिंह विश्नोई को दे दी।

 

आरोप है कि सूचना मिलते ही चालक सरकारी बोलेरो लेकर एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड के साथ गांव पहुंच गया। ग्रामीणों का कहना है कि चालक उस समय वर्दी में नहीं था और हाफ नेकर तथा बनियान पहने हुए था। मौके पर पहुंचकर उसने किसान अनेकपाल सिंह को धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने गाली-गलौज करते हुए किसान को जेल भेजने की धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के नाम पर खर्चे की व्यवस्था करने को कहा।

 

किसान द्वारा रुपये देने से इंकार करने पर चालक और अधिक हंगामा करने लगा। शोर-शराबा सुनकर गांव के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए और चालक का विरोध करने लगे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख चालक सरकारी गाड़ी लेकर मौके से निकल गया।

 

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा रही कि संबंधित चालक अक्सर शराब के नशे में रहता है और थाने आने वाले फरियादियों से गेट पर ही अवैध रूप से रुपये मांगता है। रुपये न देने पर कार्रवाई न होने की धमकी देने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं।

 

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला अभी उनकी जानकारी में नहीं है। यदि इस प्रकार की कोई घटना हुई है तो यह गलत है। मामले की जानकारी कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!