

छपारा (सिवनी)। बंडोल थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकती लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान संदीप धुर्वे के रूप में हुई है, जो कलरबाकी गांव में चाय की दुकान संचालित करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, संदीप रविवार सुबह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने गया था। कुछ समय बाद वह अचानक बाइक लेकर कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने बंडोल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो भीमगढ़ चौकी क्षेत्र के अकलमा गांव के जंगल में मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पहले युवक की बाइक मिली और कुछ दूरी पर पेड़ से लटका हुआ उसका शव बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपारा अस्पताल भेज दिया है।
भीमगढ़ चौकी प्रभारी मुरलीधर पटेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं परिजनों का कहना है कि संदीप का किसी से कोई विवाद या लेन-देन नहीं था और उसकी दुकान भी अच्छी चल रही थी। ऐसे में आत्महत्या के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और मौत के पीछे की असली वजह जानने में जुटी हुई है।












