
झाबुआ। नगर स्थित केशव विद्यापीठ में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी होली मिलन समारोह बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर रंगों की खुशबू और बच्चों की मुस्कान से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। तत्पश्चात बच्चों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का पर्व मनाया और पूरे वातावरण को गुलाबी रंग में रंग दिया। विद्यालय प्रांगण में उत्साह, उमंग और भाईचारे का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका सुनिता तनपुरे ने विद्यार्थियों को होली के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि होली भारत के लोकप्रिय त्योहारों में से एक है, जिसे रंगों का त्योहार भी कहा जाता है। यह पर्व रंगों, भाईचारे और खुशियों का प्रतीक है। होली के पीछे धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताएं जुड़ी हैं और यह अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देती है। साथ ही यह वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक भी है, जो सर्दियों के अंत और रंगों से भरे मौसम की शुरुआत का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व हमें आपसी मनमुटाव भुलाकर सामाजिक सद्भाव, क्षमा, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में प्राचार्या श्रीमती वंदना नायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर शिक्षिका मंजु पालीवाल, सुनिता तनपुरे, रिंकी ठाकुर, मनीषा डोडियार, नरेन्द्रसिंह पंवार, राजा बसोड़, शुभम राव, भरत कपिस सहित विद्यालय के सभी बच्चे उपस्थित थे। अंत में प्राचार्या श्रीमती नायर ने समस्त विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को होली की हार्दिक बधाई एवं अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।











