
कुशीनगर |सुकरौली क्षेत्र में बीती रात लकड़ी चोरों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। स्थानीय व्यवसायी सत्य प्रकाश गुप्ता के सागौन के बगीचे से अज्ञात चोरों ने चार कीमती सागौन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह सागौन का बगीचा नगर पंचायत सुकरौली के धोबहा बाबा स्थान के पीछे लगभग एक बीघा क्षेत्र में फैला हुआ है। बीती रात अंधेरे का फायदा उठाकर चोर बगीचे में दाखिल हुए और सुनियोजित तरीके से सागौन के चार पेड़ों को काट लिया। इसके बाद चोर पेड़ों को मौके से उठा ले गए और फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी की भनक आसपास के लोगों को भी देर से लगी।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यवसायी सत्य प्रकाश गुप्ता 22 जनवरी 2026 को अपने बगीचे में पहुंचे, जहां कटे हुए पेड़ों के ठूंठ देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच की।
इसके बाद पीड़ित व्यवसायी ने 23 फरवरी 2026 को स्थानीय चौकी सुकरौली के प्रभारी सी.बी. पांडेय को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी सी.बी. पांडेय ने फोन पर बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लकड़ी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन रात्रि गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा किया जाएगा।






